भारत मे हमले की योजना बना रहे ISIS के 4 संदिग्ध आतंकी गिरफ्तार, यूपी ATS का 5 राज्यों की पुलिस के साथ ज्वॉयंट ऑपरेशन


देश में बड़े हमले की योजना बना रहे तीन संदिग्ध आतंकवादियों को गुरुवार (20 अप्रैल) को पांच राज्यों की पुलिस टीमों ने एक संयुक्त अभियान में गिरफ्तार कर लिया. इनके अलावा कुछ लोगों को हिरासत में भी लिया गया है.
एक अधिकारी ने बताया कि दिल्ली पुलिस के विशेष प्रकोष्ठ, उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र की एटीएस तथा आंध्र प्रदेश, पंजाब और बिहार की पुलिस टीमों के संयुक्त अभियान के दौरान गुरुवार को सुबह मुंब्रा (महाराष्ट्र), जालंधर (पंजाब), नरकटियागंज (बिहार), बिजनौर और मुजफ्फरनगर (उत्तर प्रदेश) में छापे मारे गए।

उत्तर प्रदेश के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (कानून एवं व्यवस्था) दलजीत चौधरी ने लखनऊ में कहा, ‘अब तक हमें जो जानकारी मिली है, वे एक बड़े हमले की योजना बना रहे थे जिससे कि उनके समूह को पहचान मिले और क्षेत्र में दहशत पैदा हो.’

उत्तर प्रदेश एटीएस के एक प्रवक्ता ने लखनऊ में कहा कि आतंकी साजिश रचने के आरोप में तीन लोग गिरफ्तार किए गए हैं. गिरफ्तारियां मुंबई, पंजाब के जालंधर और उत्तर प्रदेश के बिजनौर में हुई हैं.
महाराष्ट्र के आतंक रोधी दस्ते (एटीएस) ने एक व्यक्ति की गिरफ्तारी की पुष्टि की जिसकी पहचान नाजिम शमशाद अहमद (26) के रूप में हुई है. वह उत्तर प्रदेश के बिजनौर से ताल्लुक रखता है. उसे मुंबई के पास ठाणे जिले के मुंब्रा से पकड़ा गया.
महाराष्ट्र एटीएस के प्रमुख अतुलचंद्र कुलकर्णी ने कहा, ‘महाराष्ट्र और उत्तर प्रदेश एटीएस के संयुक्त अभियान में मुंब्रा से तीन लोग हिरासत में लिए गए. इनमें से एक व्यक्ति को आतंकी गतिविधियों में उसकी संदिग्ध संलिप्तता के चलते गिरफ्तार किया गया है. दो अन्य से पूछताछ की जा रही है.’
उत्तर प्रदेश एटीएस के प्रवक्ता ने कहा कि पूछताछ के लिए छह अन्य लोग हिरासत में लिए गए हैं. वहीं, महाराष्ट्र एटीएस के सूत्रों ने कहा कि लगभग 12 लोग हिरासत में लिए गए हैं.
उत्तर प्रदेश एटीएस के प्रवक्ता ने कहा कि इन लोगों से पूछताछ के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी.
उन्होंने कहा कि अभियान इस खुफिया जानकारी पर चलाया गया कि आतंकी समूह आतंकी गतिविधियों को अंजाम देने की तैयारी कर रहा है जिसके लिए इसके सक्रिय सदस्य नए सदस्यों की भर्ती कर रहे हैं.
गिरफ्तार लोगों के उस मॉड्यूल का हिस्सा होने का संदेह है जो बिहार, उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र में संभावित आतंकी रंगरूटों की तलाश कर रहा था.

Post a Comment

0 Comments